स्कूल की छत से गुजरा हाईटेंशन तार, हादसे का इंतजार
मोढ़ (भदोही)। सुरियावां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बदलीपुर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बच्चों और शिक्षकों पर भारी पड़ सकती है। विद्यालय भवन के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक बीते दो वर्षों में करीब छह बार इस समस्या की लिखित व मौखिक शिकायत शिक्षा विभाग से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक की गई, लेकिन अब तक तार हटाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूरी में छात्र-छात्राएं उसी के नीचे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश या तेज हवा के दौरान तार से चिंगारी निकलती है और तार झूलता भी दिखाई देता है। ऐसे में विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में लगातार चिंता बढ़ रही है। शिक्षकों में भी भय का माहौल बना हुआ है।
ग्राम प्रधान संतलाल गौतम ने बताया कि उन्होंने कई बार शिक्षा विभाग और बिजली निगम के अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते तार नहीं हटाया गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।
ग्रामीण देवेश मिश्र, विनोद मिश्र, कल्याण मिश्र, अनिल यादव और अजय सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कराना बेहद लापरवाही है।
इस मामले में बीएसए शिवम पांडेय ने कहा कि बिजली निगम को आवश्यक धनराशि भेज दी गई है और नए शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले तार हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
फिलहाल अभिभावक और ग्रामीण प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, जबकि विद्यालय में पढ़ने वाले नौनिहाल हर दिन खतरे के साये में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।






