औराई: बनारस से लौट रहे पूर्व प्रधान पति की सड़क हादसे में मौत
औराई। जयरामपुर गांव के पास मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में माधोसिंह की पूर्व प्रधान इसरतजहां के पति जावेद (55) की मौत हो गई। वह वाराणसी से अपने घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
माधोसिंह निवासी जावेद मंगलवार को वाराणसी गए थे। शाम करीब सात बजे वह जयरामपुर के पास बस से उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह हाईवे के दक्षिणी लेन से उत्तरी लेन की ओर पैदल जा रहे थे, तभी सर्विस लेन पर तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जावेद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) औराई लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन वाराणसी ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम हाउस पर सपा नेता केश नारायण यादव, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मिश्र पप्पू, डॉ. सनवारूल हक, प्रधान शहबाज, पूर्व चेयरमैन घोसिया एबरार सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
बताया जा रहा है कि जावेद परिवार के मुखिया थे और घर की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके परिवार में दो बेटे और पांच बेटियां हैं। खास बात यह है कि उनकी एक बेटी की शादी आगामी 25 मार्च को तय है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और शादी की तैयारियां भी मातम में बदल गई हैं।
भाई एजाज की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बुलेट चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



