सरसों के खेत में मिली नवजात बच्ची, इलाज के बाद चाइल्ड लाइन को सौंपी गई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इलाज के बाद चाइल्ड लाइन को सौंपी गई, पुलिस जांच में जुटी**

भदोही।
देवनाथपुर से सटे बलभद्रपुर गांव में रविवार की रात मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जब पानी भरे सरसों के खेत में एक नवजात बच्ची रोती हुई मिली। ग्रामीणों की सतर्कता और प्रशासन की तत्परता से बच्ची की जान बच सकी। इलाज के बाद हालत सामान्य होने पर बच्ची को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब आठ बजे बलभद्रपुर गांव निवासी बलिराम गौतम की पत्नी सुनीता देवी खेत की ओर गई थीं। इसी दौरान उन्हें सरसों के खेत से किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पानी भरे खेत में एक नवजात बच्ची पड़ी हुई थी और रो रही थी।

सुनीता देवी ने बिना देर किए गांव के चौकीदार लालबहादुर गौतम को इसकी सूचना दी। चौकीदार ने तत्काल ज्ञानपुर कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ज्ञानपुर अंजनी कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नवजात को सुरक्षित बाहर निकलवाया।

पुलिस द्वारा बच्ची को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भदोही ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल और सीएचसी भदोही के सीसीयू वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में नवजात का इलाज किया गया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से बच्ची की हालत में तेजी से सुधार हुआ।

इलाज के बाद बच्ची की स्थिति सामान्य होने पर बाल कल्याण समिति के निर्देश पर उसे पालन-पोषण के लिए चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया। चाइल्ड लाइन की टीम ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेते हुए आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को किन परिस्थितियों में खेत में छोड़ा गया। प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार राय ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है, दोषी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने सुनीता देवी की तत्परता और मानवता की सराहना की, जिनकी सूझबूझ से एक मासूम की जान बच सकी।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles