पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को डीएम ने किया प्रेरित, साइकिल यात्रा व पदयात्रा से दिया जागरूकता का संदेश
ज्ञानपुर।
जनपद में रविवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसील व ब्लॉक स्तर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “मेरा भारत, मेरा वोट” तथा नारा “भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक” रहा।
मतदाता जागरूकता के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में सुबह कलेक्ट्रेट से पुलिस लाइन तक साइकिल यात्रा निकाली गई। इसके बाद कंसापुर स्थित विकास भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। छात्र-छात्राओं ने भाषण, निबंध व क्विज प्रतियोगिताओं के जरिए लोकतंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर जनपद के स्वीप आइकॉन अशोक गुप्ता, डॉ. कृष्णावतार त्रिपाठी ‘राही’, डॉ. भारतेंदु द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, बीएलओ, सुपरवाइजर व मतकार्मिकों को प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के जागरूक मतदाता रहमत अली, रोजन अली सहित अन्य को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
औराई तहसील में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम श्याममणि त्रिपाठी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में मतदाताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मौके पर तहसीलदार सुनील कुमार, अजय सिंह, डीपीआरओ संजय मिश्रा व संदीप सरोज मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
