भदोही में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत चौपाल, मजदूरों ने रखी रोजगार की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनरेगा बचाओ संग्राम: भदोही में चौपालों के जरिए मजदूरों की आवाज बुलंद
— भारत क्रांति न्यूज़

भदोही।
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जनपद भदोही में ग्रामीण मजदूरों की समस्याओं को सामने लाने और सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर चौपालों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्लॉक भदोही के तारापुर तथा औराई ब्लॉक के भावापुर ग्राम सभा में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। चौपालों में बड़ी संख्या में मनरेगा जॉब कार्ड धारक, ग्रामीण मजदूर, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

चौपाल के दौरान मजदूरों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। जॉब कार्ड धारकों ने बताया कि कई महीनों से उन्हें काम नहीं मिल रहा है, जबकि जिन लोगों को काम मिला भी है उनकी मजदूरी समय पर उनके खातों में नहीं पहुंच रही। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है, जो कि कानूनन उनका अधिकार है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर दयाशंकर पांडेय ने कहा कि मनरेगा देश के गरीब, दलित, पिछड़े और मजदूर वर्ग के लिए जीवन रेखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार मनरेगा के बजट में लगातार कटौती कर रही है, जिससे योजना कमजोर होती जा रही है। प्रशासनिक उदासीनता और राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी के कारण मजदूरों को न तो पर्याप्त काम मिल रहा है और न ही समय से मजदूरी का भुगतान हो पा रहा है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं बल्कि गरीबों का संवैधानिक अधिकार है। इसे कमजोर करने का सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मजदूर परिवारों की आजीविका पर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में पूरी मजबूती के साथ लागू कराने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

मनरेगा बचाओ संग्राम के कोऑर्डिनेटर सुरेश चंद्र मिश्रा एवं कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दूबे (राजन) ने भी अपने संबोधन में मनरेगा को मजबूत करने, बजट बढ़ाने और मजदूरी भुगतान की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मजदूरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुरेश गौतम और जिला महासचिव अवधेश पाठक ने संयुक्त रूप से कहा कि मनरेगा को लेकर चलाया जा रहा यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा तथा गांव-गांव जाकर मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

चौपाल में पंडित दीनानाथ दुबे, राजेश्वर दुबे, शिव पूजन मिश्रा, नाजिम अली, शक्ति मिश्रा, धर्मेंद्र पटेल, राजनाथ यादव, नितिन सिंह, संजय पांडेय, अनिल सरोज, कुंदन मिश्रा, केशव सरोज, सुनील सरोज, मटरू, शिवकुमार गौतम, राजकुमार गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में मनरेगा बचाने और मजदूरों के हक की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

भारत क्रांति न्यूज़ के लिए विशेष रिपोर्ट

Bharat Kranti News
Author: Bharat Kranti News

Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles