पुश्तैनी घर के विवाद में दबंगों का कहर, पिता-पुत्र को लाठी-डंडों से पीटकर किया लहूलुहान
सकलडीहा।
कोतवाली क्षेत्र के खोर गांव में सोमवार को पुश्तैनी मकान के विवाद को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। करीब दस लोगों ने मिलकर पिता और उसके शिक्षक पुत्र को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
खोर गांव निवासी राजभजन राम (50) अपने पुत्र अपरबल (35) के साथ घर पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के ही रमेश कुमार, दिनेश कुमार और उनके परिजन लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा, जिससे पिता-पुत्र लहूलुहान हो गए।
ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा भेजा गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
घायल अपरबल ने बताया कि पुश्तैनी घर को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि दबंग पक्ष आए दिन घर खाली कराने की धमकी देता था और पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। पीड़ित परिवार ने हमले को सुनियोजित बताया है।
कोतवाल दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

