चंदौली के युवक की गोवा में मौत, आत्महत्या की आशंका; परिजनों में मचा कोहराम
सैयदराजा, चंदौली।
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत परेवा गांव निवासी एक युवक की गोवा में मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक की पहचान दीपक कुमार (24 वर्ष) पुत्र श्याम बलि राम के रूप में हुई है। वह गोवा में एक निजी कंपनी में काम करता था।
रविवार देर रात गोवा पुलिस ने सैयदराजा थाना पुलिस को फोन कर दीपक कुमार की मौत की सूचना दी। गोवा पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। इसके बाद सैयदराजा पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
दो महीने से परिवार से टूटा था संपर्क
परिजनों ने बताया कि दीपक पिछले लगभग दो महीनों से घर वालों से संपर्क में नहीं था। परिवार के सदस्य लगातार फोन करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। संपर्क न होने के कारण परिजन पहले से ही चिंतित थे, लेकिन अचानक मौत की सूचना मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पांच साल पहले गया था गोवा
दीपक कुमार लगभग पांच वर्ष पहले गांव के ही चार-पांच अन्य युवकों के साथ रोजगार की तलाश में गोवा गया था। वहां वह एक निजी कंपनी में काम कर रहा था और समय-समय पर घर से संपर्क में रहता था। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में वह मानसिक तनाव में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
गोवा रवाना हुए परिजन
मौत की खबर मिलते ही परेवा गांव में मातम छा गया। परिवार के पुरुष सदस्य सोमवार को गोवा के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके और शव को गांव लाया जा सके।
पुलिस का बयान
इस संबंध में सैयदराजा थानाध्यक्ष विंदेश्वरी प्रसाद पांडेय ने बताया कि गोवा पुलिस द्वारा दीपक कुमार की मौत की सूचना थाने पर दी गई थी। उसी के आधार पर मृतक के परिजनों को अवगत कराया गया है। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई गोवा पुलिस द्वारा की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

