तेरहवीं का सामान लेने जा रहा युवक टेलर की चपेट में आया, मौके पर मौत
सरोई (भदोही)।
भदोही-औराई मार्ग पर सोमवार की शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। सिरोही बाजार स्थित कथीपुर तिराहे के पास सड़क पार करते समय स्कूटी सवार युवक अनियंत्रित होकर टेलर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के मुड़ियापुर गांव निवासी राकेश कुमार (45) अपनी स्कूटी से भदोही बाजार जा रहे थे। उनकी मां का मंगलवार को तेरहवीं संस्कार था, जिसके लिए वह जरूरी सामान खरीदने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कथीपुर तिराहे के पास सड़क पार करने के दौरान उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान भदोही से औराई की ओर तेज रफ्तार में आ रहे टेलर ने स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर रजपुरा चौकी प्रभारी अजय कुमार ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।
मृतक राकेश कुमार के परिवार में पत्नी सहित पांच बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। घर में पहले से ही मां के निधन का गम था, वहीं अब इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रभारी निरीक्षक ज्ञानपुर सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि दुर्घटना में शामिल टेलर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। टेलर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

