आधी रात नाव में लगाई आग, बीच धारा में बहाई
चहनिया।
गंगा तटवर्ती क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की दबंगई से मछुआरों में दहशत फैल गई है। रविवार की आधी रात बलुआ गांव के पास अज्ञात लोगों ने एक मछुआरे की नाव में आग लगा दी और उसे गंगा की बीच धारा में बहा दिया। इस घटना में नाव पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें रखा हजारों रुपये मूल्य का सामान और मछली पकड़ने वाली जाल जलकर राख हो गई।
बलुआ गांव निवासी सत्येंद्र निषाद ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह रविवार को भी गंगा नदी में मछली पकड़ने के बाद शाम को अपनी नाव घाट पर बांधकर घर चले गए थे। देर रात अज्ञात लोगों ने उनकी नाव को खोलकर उसमें आग लगा दी और जलती हुई नाव को बीच धारा में बहा दिया।
कुछ देर बाद घाट की ओर पहुंचे स्थानीय लोगों ने जब नदी में जलती हुई नाव देखी तो अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत सत्येंद्र निषाद को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सत्येंद्र अपने अन्य निषाद साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद जलती नाव को किनारे लाया, लेकिन तब तक नाव और उसमें रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगाने वालों की तलाश की जा रही है।
सत्येंद्र निषाद ने बताया कि उनके परिवार में चार भाई और एक वृद्ध माता हैं। पूरे परिवार की आजीविका नाव से मछली पकड़ने पर ही निर्भर है। इस घटना से परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ा है और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

