पति समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
भदोही, संवाददाता।
शहर कोतवली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और स्त्रीधन हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मामला लंबे समय से लंबित था, जिस पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली।
शहर के बरबसपुर मोहल्ला निवासी कन्हैयालाल की पुत्री अजोरा देवी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भदोही की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था। पीड़िता के अनुसार, उनका विवाह 28 मई 2011 को घमहापुर निवासी ओमप्रकाश चौहान के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ था। विवाह के दौरान पिता ने अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार दहेज भी दिया था।
पीड़िता ने बताया कि 8 फरवरी 2017 को उनके पुत्र श्रेयांश का जन्म हुआ। इसके बाद पति तथा अन्य ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि उन्हें नाम मात्र का भोजन दिया जाता था और बंधुआ मजदूरों की तरह घरेलू कार्य कराया जाता था।
आरोप है कि 8 मार्च को ससुराल पक्ष के लोगों ने पीड़िता से सादे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराए, उनका स्त्रीधन छीन लिया और विरोध करने पर मारपीट की। गंभीर चोटें आने के बाद पीड़िता किसी तरह मायके पहुंची, जहां परिजनों ने उनका उपचार कराया।
पीड़िता का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार पुलिस को लिखित शिकायत दी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अंततः न्याय पाने के लिए उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
शहर कोतवाल सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर पति ओमप्रकाश चौहान, इंद्रावती देवी, सत्यप्रकाश, श्रीप्रकाश और जय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 व 86 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

