सुशासन सप्ताह: 50 गांवों में ग्राम चौपाल, राशन–आवास–पेंशन के मामले मौके पर निस्तारित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

50 गांवों में ग्राम चौपाल, सुशासन सप्ताह में ग्रामीणों को मिली राहत

भदोही।
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत शुक्रवार को जिले की 50 ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल आयोजित की गई। चौपालों में पहुंचे नामित नोडल अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान कराया। राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासन को जनता के द्वार तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण अंचलों में पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके और अनावश्यक कार्यालयी चक्कर से उन्हें मुक्ति मिले।

मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने पाली गांव में चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों का मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो सका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से हल किया जाए। साथ ही उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।

ब्लॉकवार विवरण के अनुसार भदोही ब्लॉक में 13, ज्ञानपुर में सात, डीघ में 11, सुरियावां में नौ, अभोली में पांच और औराई में पांच गांवों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। अभोली ब्लॉक के परऊपुर गांव में सीडीपीओ मंजू वर्मा ने महिलाओं व ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी।

करनपुर, मऊरामशाला, गंगारामपुर और कनकपुर सहित अन्य गांवों में भी अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। नोडल अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों, साफ-सफाई, आवास निर्माण और अन्य योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में संतोष देखा गया और लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही किया जाएगा।

Ashu Jha : Bharat Kranti News
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles