जिले में छह ब्लॉकों पर खुलेंगे प्रधानमंत्री पशु औषधि केंद्र, लाखों पशुपालकों को बड़ी राहत
ज्ञानपुर। जिले के पशुपालकों को अब पशुओं के इलाज के लिए महंगी दवाएं खरीदने की मजबूरी नहीं होगी। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले के छह ब्लॉकों में प्रधानमंत्री पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों से पशुपालकों को बाजार दर से 60 से 70 प्रतिशत तक सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पशुधन स्वास्थ्य नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक चयनित ब्लॉक के पशु चिकित्सालय परिसर में एक-एक पशु औषधि केंद्र स्थापित किया जाएगा। जिले में अनुमानित ढाई से तीन लाख पशुपालक हैं, जिनके लिए यह योजना काफी लाभकारी साबित होगी। इससे न सिर्फ इलाज की लागत कम होगी, बल्कि समय पर दवाएं मिलने से पशुओं की सेहत में भी सुधार होगा।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सचान ने बताया कि जिले में कुल छह पशु औषधि केंद्र खोले जाने प्रस्तावित हैं। इसके लिए शासन स्तर से आवेदन मांगे गए हैं और इच्छुक लाभार्थियों के आवेदन शासन को भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह जन औषधि केंद्रों के माध्यम से आम लोगों को सस्ती दवाएं मिल रही हैं, उसी तर्ज पर अब पशुओं के लिए भी यह सुविधा शुरू की जा रही है।
सदर पशु चिकित्सालय ज्ञानपुर के प्रभारी डॉ. विनोद यादव ने बताया कि पशु औषधि केंद्र खोलने के लिए पात्र व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया, नियम व शर्तें तथा आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
आवेदन के लिए जरूरी शर्तें
-
फार्मासिस्ट के नाम वैध पंजीकरण होना अनिवार्य
-
न्यूनतम 120 वर्ग फीट क्षेत्रफल की दुकान का प्रमाण पत्र
-
ड्रग सेल लाइसेंस अनिवार्य
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केंद्र और सहकारी समितियों से जुड़े योग्य आवेदकों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी।
योजना के लागू होने से जिले के पशुपालकों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी और पशुओं का इलाज सुलभ व सस्ता हो सकेगा, जिससे पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


