31 लाख से होगा वीरभद्रपट्टी मार्ग का नवीनीकरण, आवागमन होगा सुगम
ज्ञानपुर। अभोली ब्लॉक के वीरभद्रपट्टी गांव से दुर्गागंज–ज्ञानपुर संपर्क मार्ग के नवीनीकरण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी है। 1700 मीटर लंबे इस मार्ग की मरम्मत 31 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा कराई जाएगी। बजट स्वीकृत होने के बाद विभाग ने निविदा प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी शुरू कर दी है, जिससे जल्द ही कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
यह संपर्क मार्ग अभोली ब्लॉक के वीरभद्रपट्टी, प्रताप सिंह पट्टी, जोधापुर, दानूपुर पश्चिम सहित छह से अधिक गांवों को जोड़ता है। साथ ही यह ज्ञानपुर और दुर्गागंज के मुख्य मार्ग से भी जुड़ा हुआ है, जिससे प्रतिदिन लगभग आठ से 10 हजार लोग आवाजाही करते हैं। स्कूल जाने वाले छात्र, व्यापारी और नौकरीपेशा लोग इसी मार्ग पर निर्भर हैं।
करीब 10 वर्ष पहले इस सड़क की विशेष मरम्मत कराई गई थी, लेकिन समय के साथ सड़क जर्जर हो गई। पिछले तीन वर्षों से मार्ग की हालत काफी खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे और बिखरी गिट्टी के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो जाते हैं। बरसात के मौसम में पानी भरने से स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने कई बार सड़क की मरम्मत की मांग उठाई थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। पीडब्ल्यूडी के एई सुबाष चंद्र मौर्य ने बताया कि स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही नवीनीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क के दुरुस्त होने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन सुचारु हो सकेगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।


