वाराणसी में दो ट्रकों की जोरदार टक्कर, संतरा लदे ट्रक के चालक की मौके पर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी हादसा: सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया संतरा लदा वाहन, चालक की मौत — ग्रामीणों ने लूट ली सीमेंट की बोरियां

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा गांव के पास मंगलवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। रीवा (मध्य प्रदेश) से संतरा लेकर वाराणसी की ओर आ रहा ट्रक सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक से जा टकराया। हादसे में संतरा लदे ट्रक का चालक मनीष यादव (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वहीं फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

भागते ट्रक से गिरीं सीमेंट की बोरियां, ग्रामीणों ने उठाई

हादसे के बाद सीमेंट लदा ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर भाग निकला। भागते समय ट्रक के पिछले हिस्से से 14 बोरियां सीमेंट सड़क पर गिर गईं, जिन्हें ग्रामीण उठा ले गए। घटना की जानकारी होते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने हटवाया क्षतिग्रस्त ट्रक

घटना के बाद मिर्जामुराद पुलिस ने पहुंचकर क्षतिग्रस्त ट्रक को क्रेन से हाईवे से हटवाया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के परिजनों और ट्रक मालिक को सूचना दे दी गई है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

हादसों का कारण बन रहे खड़े वाहन

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मिर्जामुराद और राजातालाब थाना क्षेत्रों में हाईवे किनारे भारी वाहनों का खड़ा होना आम बात हो गई है। कुछ दिन पहले परिवहन विभाग और पुलिस ने अभियान चलाया था, लेकिन ढाबा संचालकों और ट्रांसपोर्टरों के दबाव में कार्रवाई बंद हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि अब कोहरे का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में रात के समय खड़े ट्रकों से टकराने की आशंका और बढ़ जाएगी। उन्होंने मांग की है कि पुलिस विभाग को फिर से सख्त अभियान चलाकर सड़क किनारे खड़े वाहनों पर रोक लगानी चाहिए।

मृतक का परिवार सदमे में

मनीष यादव के परिजनों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, घर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मनीष अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और कुछ ही दिनों में उसकी शादी तय होने वाली थी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक चालक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और सड़क किनारे खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Bharat Kranti News
Author: Bharat Kranti News

Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai

Read More Articles