करंट से मौत के मामले में जेई निलंबित, मृतक के परिजनों को मिले पांच लाख रुपये
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के केदारपुर गांव में हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से युवक की मौत के मामले में विद्युत निगम ने कार्रवाई करते हुए अवर अभियंता (जेई) आनंद मिश्रा को निलंबित कर दिया है। वहीं, आपदा प्रबंधन के तहत मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
गौरतलब है कि बीते 24 अक्टूबर को केदारपुर निवासी कृष्णा शुक्ला के पुत्र अर्पित शुक्ला की करंट लगने से मौत हो गई थी। वह लोहे की सीढ़ी लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सीढ़ी हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। इस दौरान बड़वापुर निवासी उत्कर्ष त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को घटना से अवगत कराया था। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की थी।
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता मुनीष कुमार ने बताया कि मामले में लापरवाही के आरोप में जेई आनंद मिश्रा को निलंबित कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कराकर मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी गई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।