भदोही: मानसिक तनाव से जूझ रहे बीडीसी सदस्य ने पेड़ से लटककर दी जान, गांव में पसरा सन्नाटा
भदोही जिले के सुरियावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भोरी कजरहवा गांव में गुरुवार की शाम एक दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्राम पंचायत के बीडीसी सदस्य राजेंद्र प्रसाद यादव (42 वर्ष) का शव गांव के मेला मैदान स्थित चिलबिल के पेड़ से लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही सुरियावा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर ग्रामीणों की आंखें नम थीं।
परिजनों ने बताया कि राजेंद्र प्रसाद यादव पिछले लगभग दस वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में चल रहे थे। कई जगह इलाज कराने के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। लगातार बढ़ते तनाव और निराशा के कारण उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, राजेंद्र यादव अपने शांत स्वभाव, सामाजिक कार्यों और मददगार छवि के लिए जाने जाते थे। वे गांव की समस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहते थे और सभी के बीच एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों का कहना है कि राजेंद्र यादव जैसे मिलनसार और सहयोगी व्यक्ति का इस तरह जाना बहुत बड़ी क्षति है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए ताकि इस कठिन समय में उन्हें मदद मिल सके।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.


