पहले गुंजन को मारा… फिर किट्टो और मीरा का किया कत्ल, इसलिए मां ने खुद भी दी जान; बागपत कांड की पूरी कहानी
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के टीकरी कस्बे से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों की चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद उसी चुनरी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस वारदात से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
पति के साथ रहना चाहती थी दिल्ली में
पुलिस के मुताबिक मृतका तेजकुमारी (29) का पति विकास कुमार दिल्ली की एक ट्रैवल एजेंसी में टूरिस्ट बस चलाता है। वह लंबे समय तक घर से बाहर ही रहता था। तेजकुमारी चाहती थी कि वह अपनी तीनों बेटियों को लेकर पति के साथ दिल्ली में रहे, लेकिन आर्थिक स्थिति सही न होने के चलते विकास ने समय लगने की बात कही। इसी को लेकर दंपती के बीच विवाद भी रहता था।
सोमवार को घर आया था पति
विकास दो दिन के लिए सोमवार को घर आया था। मंगलवार की शाम वह मकान के बाहर पेड़ के नीचे सो गया। जब रात करीब नौ बजे उसकी नींद खुली तो उसने घर के कमरे में जाने की कोशिश की। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला।
रोशनदान से दिखा खौफनाक नजारा
विकास ने दरवाजा खटखटाया और पत्नी-बच्चियों को आवाजें दीं, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उसने पुलिस को बुलाया। जब कमरे के ऊपर लगे रोशनदान से टॉर्च डाली गई तो अंदर का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। तेजकुमारी फंदे से लटकी हुई थी और जमीन पर उसकी तीनों बच्चियों—गुंजन (7), किट्टो (2) और मीरा (5 माह)—के शव पड़े थे।
पुलिस ने पड़ोस के एक किशोर को रोशनदान से अंदर उतारा, जिसने दरवाजा खोला। इसके बाद सभी शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
परिवार में पसरा मातम, गांव में सन्नाटा
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। मां और तीन बच्चियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस ने जांच तेज की
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह का लग रहा है। महिला पति के साथ दिल्ली में रहना चाहती थी, लेकिन विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

