लखनऊ सीबीआई दफ्तर में दिनदहाड़े हमला – एएसआई को मारा तीर!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ सीबीआई दफ्तर में दिन-दहाड़े तीर से हमला! बिहार से आया ‘धनुर्धारी’ बना खौफ की वजह, पुलिस भी दंग!

भारत क्रांति न्यूज की विशेष रिपोर्ट

लखनऊ। हजरतगंज स्थित सीबीआई कार्यालय में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह पर तीर से हमला कर दिया। हमले में एएसआई घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के मुंगेर निवासी दिनेश मुर्मू के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसकी मानसिक स्थिति असामान्य प्रतीत हो रही है।

क्या है पूरा मामला?

डीसीपी मध्य आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, दिनेश मुर्मू शुक्रवार दोपहर एक झोला लेकर सीबीआई दफ्तर पहुंचा और गेट के किनारे बैठ गया। ड्यूटी पर तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह ने जब उससे कार्यालय में आने का कारण पूछा तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। बाहर जाने के लिए कहने पर वह भड़क उठा और कुछ दूरी पर जाकर झोले से तीर-धनुष निकालकर एएसआई के सीने पर तीर चला दिया।

घटना के तुरंत बाद सीबीआई कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने आरोपी को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंचे एसीपी विकास जायसवाल और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। आरोपी से बरामद झोले में धनुष और छह तीर मिले हैं।

पिछला इतिहास भी चौंकाने वाला

जांच में सामने आया है कि दिनेश मुर्मू पूर्व में रेलवे में गैंगमैन के पद पर कार्यरत था। कई वर्ष पहले वाराणसी में तैनाती के दौरान उसने रेलवे के एक निरीक्षक पर 200 रुपये रिश्वत लेने की शिकायत सीबीआई की एंटी करप्शन टीम से की थी, जिसमें संबंधित अधिकारी को सजा भी हुई थी। दिनेश इससे पहले भी करीब डेढ़ माह पूर्व सीबीआई दफ्तर पहुंचा था, लेकिन तब उसे वापस भेज दिया गया था।

घर पर बनाया धनुष-तीर, ट्रेन से पहुंचा लखनऊ

पुलिस पूछताछ में दिनेश ने बताया कि उसने धनुष और तीर अपने घर पर ही तैयार किए थे और ट्रेन से लखनऊ आया था। एसीपी हजरतगंज के मुताबिक, तीर की लंबाई दो फीट और फल की लंबाई करीब तीन से चार इंच थी। दिनेश ने करीब चार फीट की दूरी से एएसआई पर तीर चलाया था। डॉक्टरों के मुताबिक, यदि हमला दूर से किया गया होता तो चोट गंभीर हो सकती थी।

एएसआई की हालत स्थिर

सिविल अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजेश श्रीवास्तव के अनुसार, एएसआई वीरेंद्र सिंह के सीने में लगभग पांच सेंटीमीटर गहरा घाव था। तीर का फल सीने के अंदर तक नहीं पहुंचा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस कर रही है मानसिक स्थिति की जांच

पुलिस का कहना है कि दिनेश के व्यवहार और बातों से उसकी मानसिक अस्थिरता प्रतीत हो रही है। पुलिस उसके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है ताकि उसकी मानसिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी मिल सके।


📺 रहिए जुड़ें भारत क्रांति न्यूज़ के साथ – जहां सवाल उठते हैं, जवाब ढूंढे जाते हैं और सच्चाई कभी दबती नहीं!

Bharat Kranti News
Author: Bharat Kranti News

Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

Leave a Comment

और पढ़ें

Read More Articles