भदोही: स्व-गणना अभियान में जुटेंगे 4500 शिक्षक, गांव-गांव जाकर करेंगे जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्व-गणना अभियान को गति देंगे 4500 शिक्षक, गांव-गांव पहुंचकर करेंगे जागरूक

भदोही। जिले में स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए अब परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक भी सक्रिय हो गए हैं। जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह के निर्देश पर शिक्षक गांवों में लोगों को जागरूक कर स्व-गणना के लिए प्रेरित कर रहे हैं। सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शिवम पांडेय ने बैराखास समेत आठ विद्यालयों का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि जिले के 4500 से अधिक शिक्षक प्रगणक के रूप में घर-घर और विभिन्न बस्तियों में पहुंचकर लोगों को स्व-गणना के महत्व और इसकी प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही नागरिकों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य इसे केवल विभागीय गतिविधि तक सीमित न रखकर व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाना है। इसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों और अकादमिक सहयोगियों की भी सक्रिय भूमिका है।

बीएसए ने कहा कि स्व-गणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। जनगणना से जुड़े आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परिवार का स्वेच्छा से आगे आकर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज से सीधे जुड़े होते हैं और गांवों, मजरों से लेकर प्रत्येक परिवार तक उनकी पहुंच है। ऐसे में वे जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles