भदोही: धनतुलसी-डेंगुरपुर पीपा पुल का निर्माण तेज, एक सप्ताह में शुरू होगा आवागमन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धनतुलसी-डेंगुरपुर पीपा पुल का निर्माण तेज, एक सप्ताह में शुरू होगा आवागमन; 100 किमी की दूरी होगी कम

भदोही। धनतुलसी-डेंगुरपुर पीपा पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 70 से अधिक पीपे जोड़े जा चुके हैं। विभाग और निर्माण एजेंसी का प्रयास है कि अगले एक सप्ताह में पुल का निर्माण पूरा कर आवागमन शुरू करा दिया जाए। इस पीपा पुल के चालू होने से कोनिया क्षेत्र सीधे प्रयागराज के मांडा क्षेत्र और माण्डा रोड रेलवे स्टेशन से जुड़ जाएगा। इससे गंगा पार आने-जाने वाले लोगों को करीब 100 किलोमीटर की दूरी कम तय करनी पड़ेगी।

जिले में प्रतिवर्ष धनतुलसी, सीतामढ़ी, सेमराधनाथ और रामपुर गंगा घाटों पर पीपा पुलों का निर्माण कराया जाता है। इन पुलों के बनने से गंगा पार बसे गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलती है। खासकर लगन के सीजन में इनकी उपयोगिता बढ़ जाती है और लोगों को लंबा रास्ता तय करने से राहत मिलती है।

धनतुलसी और रामपुर पीपा पुलों के निर्माण की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग भदोही के पास है, जबकि सीतामढ़ी और सेमराधनाथ के पीपा पुलों का निर्माण लोक निर्माण विभाग मिर्जापुर कराता है।

धनतुलसी-डेंगुरपुर पीपा पुल के ठेकेदार विमल पांडेय ने बताया कि पुल के निर्माण में करीब 98 से 100 पीपों की जरूरत पड़ती है। मंगलवार तक 70 से अधिक पीपे जोड़े जा चुके हैं। शेष पीपों को जोड़ने का काम तेजी से कराया जा रहा है। उम्मीद है कि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।

सीतामढ़ी-मिश्रपुर पीपा पुल का निर्माण शुरू

सीतामढ़ी। जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल सीतामढ़ी और मिर्जापुर के मिश्रपुर गंगा घाट के बीच पीपा पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को विधि-विधान से पूजन के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया।

लोक निर्माण विभाग मिर्जापुर की ओर से बनाए जा रहे इस पीपा पुल के निर्माण में एक पखवाड़े से अधिक का समय लगने की संभावना है। विभाग के एई एके वर्मा और जेई श्रवण कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द आवागमन की सुविधा मिल सके।

इस दौरान काजू, संजय कुमार, छोटक, राजू, रविंद्र और जोखू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles