वाराणसी: बहन की शादी का निमंत्रण बांटने निकले दो दोस्तों को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत; दूसरा गंभीर
गाजीपुर के सिधौना हाईवे तिराहे के पास हुआ हादसा, बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती घायल युवक
वाराणसी। बहन की शादी का निमंत्रण बांटने निकले दो दोस्तों के लिए तेज रफ्तार कार काल बन गई। गाजीपुर जिले के सिधौना स्थित हाईवे तिराहे के पास पीछे से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे नारायण साहनी (29) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे गौतम यादव (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के मच्छोदरी इलाके के रहने वाले थे। गौतम यादव सोमवार सुबह अपनी बहन की शादी का निमंत्रण बांटने के लिए दोस्त नारायण साहनी के साथ बाइक से घर से निकले थे। इसी दौरान गाजीपुर के सिधौना स्थित हाईवे तिराहे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर पीछे बैठे नारायण साहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौतम यादव करीब 10 मीटर दूर छिटककर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल गौतम के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने हादसे की जानकारी उनके परिजनों को दी। इसके बाद घायल को उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया।
इस संबंध में आदमपुर थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना गाजीपुर जिले की है। मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।