भदोही: हेल्थ एटीएम मशीनों पर लगा ताला, कहीं केमिकल खत्म तो कहीं कमरे में बंद; मरीज जांच के लिए परेशान
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एटीएम की सुविधा बदहाल, लालानगर पीएचसी में कई महीनों से कमरे में बंद मशीन; डीघ में एक सप्ताह से जांच ठप, औराई में तीन महीने बाद भी नहीं हुई इंस्टॉलेशन
भदोही। जिले में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाई गई हेल्थ एटीएम मशीनें बदहाली का शिकार हैं। कहीं मशीन कमरे में बंद पड़ी है तो कहीं जरूरी केमिकल के अभाव में जांच व्यवस्था ठप है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का आलम यह है कि कई महीनों से मशीनें मरीजों के किसी काम नहीं आ रही हैं। इससे सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों को निर्धारित सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शनिवार को जिले के तीन स्वास्थ्य केंद्रों डीघ, लालानगर और गिर्दबड़गांव में हेल्थ एटीएम मशीनों की पड़ताल की गई। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति सामने आई।
लालानगर पीएचसी में कमरे में बंद मशीन, चाबी लेकर स्वास्थ्यकर्मी गायब
लालानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ एटीएम मशीन पिछले कई महीनों से ऑपरेशन थिएटर के एक कमरे में बंद पड़ी है। मशीन कागजों में इंस्टॉल है, लेकिन हकीकत में मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। जिस कमरे में मशीन रखी गई है, उसकी चाबी एक स्वास्थ्यकर्मी के पास रहती है। शनिवार को पड़ताल के दौरान संबंधित स्वास्थ्यकर्मी मौके पर नहीं मिले।
इसके अलावा केंद्र पर तैनात डॉक्टर वीरेंद्र मौर्य भी शनिवार को मौजूद नहीं थे। बताया गया कि वह मुख्यालय पर निवास नहीं करते और मिर्जापुर से आते-जाते हैं। पड़ताल के दौरान लैब टेक्नीशियन (एलटी) भानू प्रताप, स्वीपर सुनील कुमार और स्वास्थ्यकर्मी अर्चना भी केंद्र पर नहीं मिलीं। मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि वे आज नहीं आए हैं।
डीघ सीएचसी में एक सप्ताह से जांच व्यवस्था ठप
डीघ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ एटीएम मशीन में इस्तेमाल होने वाला केमिकल एक सप्ताह से उपलब्ध नहीं है। इसके कारण मशीन से मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। हालांकि, अस्पताल की लैब में सामान्य जांचें की जा रही हैं। जरूरी सामग्री उपलब्ध नहीं होने से हेल्थ एटीएम की सुविधा बंद पड़ी है।
तीन महीने से औराई सीएचसी में पड़ी है मशीन
गिर्दबड़गांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हेल्थ एटीएम मशीन करीब तीन महीने पहले तत्कालीन सीएमओ डॉ. एसके चक के निर्देश पर औराई सीएचसी भेज दी गई थी। हालांकि, तीन महीने बीतने के बाद भी मशीन की इंस्टॉलेशन नहीं हो सकी है। इसके चलते गिर्दबड़गांव के मरीजों को भी इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
हेल्थ एटीएम से होती हैं 34 प्रकार की जांचें
जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हेल्थ एटीएम मशीनों के माध्यम से करीब 34 प्रकार की जांच की सुविधा दी जाती है। इनमें लंबाई, वजन, ऑक्सीजन लेवल, शरीर का तापमान, पल्स रेट, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, विजन टेस्ट, ब्लड शुगर, एचबीए1सी, बीएमआई, बॉडी फैट, बॉडी वॉटर, बोन मास, मसल्स, प्रोटीन, बीएमआर, हेल्थ स्कोर और लिपिड प्रोफाइल जैसी जांचें शामिल हैं। मशीनों के बंद रहने से मरीज इन सुविधाओं से वंचित हैं।
मरीजों ने बताई परेशानी
लालानगर पीएचसी पर दवा लेने पहुंचे नेवादा निवासी सभाजीत सरोज ने बताया कि उनकी बेटियों सुनैना, अंशिका और सोनम के साथ बेटे अनुज को सर्दी-जुकाम की समस्या थी। वह सभी को लेकर दवा लेने आए थे। दवा तो मिल गई, लेकिन अस्पताल में हेल्थ एटीएम मशीन होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि मशीन उपलब्ध है तो मरीजों को इसका लाभ भी मिलना चाहिए।
वहीं, कोईलरा निवासी श्याम मूरत ने बताया कि लालानगर पीएचसी पर सुविधाएं तो हैं, लेकिन मरीजों को उनका लाभ नहीं मिलता। वह कई दिनों से बुखार आने पर शनिवार को दवा लेने पहुंचे थे। उस समय डॉक्टर मौजूद नहीं थे। किसी अन्य स्वास्थ्यकर्मी ने दवा देकर उन्हें वापस भेज दिया।
सीएमओ ने दिए जांच और कार्रवाई के निर्देश
सीएमओ डॉ. ओपी शुक्ला ने बताया कि लालानगर पीएचसी की शिकायत पहले भी मिल चुकी है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हेल्थ एटीएम कक्ष में ताला क्यों लगा है और डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित क्यों थे, इस संबंध में जवाब मांगा जाएगा। डीघ सीएचसी में मशीन से जांच बंद होने की समस्या को भी तत्काल दूर कराया जाएगा।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
