भदोही में परंपरागत तरीके से मनाया गया भैया दूज का पर्व, बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर की लंबी उम्र की कामना
ज्ञानपुर। दीपावली के अंतिम दिन बुधवार को भदोही जिले में भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व हर्षोल्लास और परंपरागत तरीके से मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों के माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाया और उनकी लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर बहनों ने भाइयों को लावा, चना और मिठाई खिलाकर उनके मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बहनों के चेहरे खिल उठे। भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व से घर-आंगन में उत्सव का माहौल बना रहा।
ज्ञानपुर, भदोही, औराई, मोढ़, सुरियावां, अभोली, गोपीगंज, जंगीगंज, वहिदा मोड़, ऊंज, चौरी, महराजगंज, बाबूसराय, सर्रोई और असनाव समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही भैया दूज की चहल-पहल देखने को मिली। गोपीगंज नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पर्व पर आस्था और विश्वास का विशेष संगम नजर आया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु की कामना की।
प्राचीन दुर्गा मंदिर में हुआ सामूहिक पूजन
गोपीगंज स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर सहित कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया। स्नान और ध्यान के बाद बहनें पूजा की थाली सजाकर मंदिर पहुंचीं और जगत जननी मां दुर्गा का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर भाइयों के सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही।
भिदिऊरा गांव निवासी आचार्य गणेश पांडेय ने बताया कि गोवर्धन पूजा के अगले दिन भैया दूज का पर्व मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर बहनें शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना कर भाइयों को तिलक लगाती हैं और उनके लंबी उम्र की कामना करती हैं। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी रिश्तों की मजबूती का प्रतीक है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
