मिर्जापुर में तीसरी रेल लाइन की मिट्टी धंसने से रेल यातायात प्रभावित, ज्ञानपुर रोड से गुजरने वाली आठ ट्रेनें घंटों लेट
गोपीगंज। मिर्जापुर के झिंगुरा रेलखंड के मध्य निर्माणाधीन तीसरी रेल लाइन के कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। मिर्जापुर रूट की कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाए जाने के कारण ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली आठ ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। इनमें दानापुर सुपरफास्ट 5 घंटे 31 मिनट, बनारस सुपरफास्ट साप्ताहिक 2 घंटे 31 मिनट, छपरा क्लोन 1 घंटे 21 मिनट, सुपौल विशेष ट्रेन 2 घंटे 39 मिनट, पवन एक्सप्रेस 2 घंटे 38 मिनट, दानापुर सुपरफास्ट 3 घंटे 32 मिनट, विभूति एक्सप्रेस 2 घंटे 9 मिनट और झूंसी-बनारस मेमू 2 घंटे 38 मिनट की देरी से पहुंचीं।
ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक वीरेंद्र दुबे ने बताया कि वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड के मिर्जापुर रेलखंड में झिंगुरा के पास मिट्टी धंसने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। मिर्जापुर रूट की ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किए जाने से वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर ट्रेनों का दबाव बढ़ गया है।
सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित
मिट्टी धंसने की घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है। रेलवे की ओर से प्रभावित रेललाइन को सुरक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते कई प्रमुख ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
स्टेशन अधीक्षक के अनुसार, ट्रेन संख्या 12274, 12398, 12368 और 12947 को उनके निर्धारित मार्ग के बजाय प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी जंक्शन-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते संचालित किया जा रहा है।
इसी तरह ट्रेन संख्या 26505 को प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज रामबाग-बनारस के रास्ते चलाया गया। ट्रेन संख्या 12167 का मार्ग भी परिवर्तित कर इसी रूट से संचालन किया जा रहा है। वहीं, ट्रेन संख्या 22971 को प्रयागराज जंक्शन-प्रयागराज रामबाग-बनारस-वाराणसी-पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
