समाजशास्त्र परिषद की उपाध्यक्ष बनीं श्रेया मिश्रा, ऋषभ पाठक को महामंत्री की जिम्मेदारी
भदोही। नगर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को समाजशास्त्र विभाग की ओर से समाजशास्त्र परिषद का गठन किया गया। परिषद के गठन के साथ ही महाविद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सामाजिक और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
समाजशास्त्र परिषद के गठन के दौरान उपाध्यक्ष पद पर श्रेया मिश्रा, महामंत्री पद पर ऋषभ पाठक तथा कोषाध्यक्ष पद पर आरती यादव को नामित किया गया। इसके अलावा कक्षा प्रतिनिधियों के रूप में सरस्वती विश्वकर्मा, दीपा राय, लक्ष्मी यादव, काजल, अंतिमा प्रजापति और उजाला यादव का चयन किया गया। परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक विषयों पर अपनी समझ विकसित करने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. माया ने कहा कि समाजशास्त्र परिषद विद्यार्थियों के लिए केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सामाजिक विषयों पर चिंतन, मनन और विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, संवेदनशीलता और रचनात्मक अभिव्यक्ति का विकास होता है। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को समझने और उनके समाधान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘दहेज एवं महिला उत्पीड़न : कारण, परिणाम एवं समाधान’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने दहेज प्रथा और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले उत्पीड़न के सामाजिक कारणों, इसके दुष्परिणामों तथा रोकथाम के उपायों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘वृद्धावस्था समस्या नहीं, जीवन का सम्मानित पड़ाव’ रखा गया। इस विषय के माध्यम से विद्यार्थियों ने बुजुर्गों के प्रति सम्मान, उनके अनुभवों के महत्व और परिवार एवं समाज में उनकी भूमिका पर विचार रखे।
दोनों प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. शिखा तिवारी, डॉ. अंकिता तिवारी और डॉ. अमित तिवारी शामिल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
इस दौरान डॉ. रुस्तम अली, डॉ. रविंद्र कुमार पांडेय, डॉ. सुजीत कुमार सिंह, बृजेश कुमार, डॉ. विनोद कुमार भारती, डॉ. अनीश कुमार मिश्र, डॉ. ऋत्विक रंजन सिंह, डॉ. दिलीप कुमार बौद्ध, आशीष जायसवाल और पूनम द्विवेदी सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।