भदोही: लालानगर टोल प्लाजा के पास चला बुलडोजर, कोर्ट के आदेश पर हटाया गया अतिक्रमण
लालानगर (भदोही)। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सोमवार को लालानगर टोल प्लाजा के पास सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जे को हटवाया गया। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
लालानगर स्थित 0.1870 हेक्टेयर भूमि को लेकर हरदेईया बनाम भोला बिंद आदि का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 134 के तहत उपजिलाधिकारी न्यायालय ने 13 जुलाई 2026 को अवैध कब्जेदारों को बेदखल करने का आदेश पारित किया था। इसके बाद राजस्व विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी।
हालांकि, कब्जा हटाए जाने के एक-दो दिन बाद ही संबंधित भूमि पर दोबारा अतिक्रमण कर लिया गया। इसके बाद प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए दोबारा कार्रवाई की तैयारी की।
उपजिलाधिकारी औराई के निर्देश पर तहसीलदार राहुल सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित की गई थी। सोमवार को निर्धारित कार्यक्रम के तहत राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
कार्रवाई के दौरान कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद पांडेय, लेखपाल कामेश्वर नाथ मिश्रा, अनिल कुमार यादव, अरुण कुमार भारती, रामराज यादव, पवन पटेल, सोनू लाल गौतम, अनिता कुमारी और प्रियंका कुमारी मौजूद रहीं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।