मंडलीय अफसरों ने किया औराई सीएचसी का निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर दिया जोर
औराई। स्वास्थ्य निदेशक मिर्जापुर मंडल अश्विनी कुमार एवं संयुक्त निदेशक दिग्विजय सिंह ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) औराई का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय से दवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।
अधिकारियों ने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां उपलब्ध दवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) मामलों की समय से पहचान, उचित प्रबंधन और विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रसव उपरांत भर्ती एक महिला मरीज से भी अधिकारियों ने बातचीत की। उन्होंने उसके स्वास्थ्य, उपचार और खान-पान की जानकारी ली। महिला ने बताया कि अस्पताल में उसे समय से भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस दौरान स्वास्थ्य निदेशक और संयुक्त निदेशक ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कृष्ण चंद्र दुबे को मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के मौके पर दंत चिकित्सक डॉ. जितेंद्र दूबे सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







