छात्रवृत्ति आवेदन अग्रसारित करने में लापरवाही, तीन दिन में निस्तारण के निर्देश
ज्ञानपुर। जिले में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यार्थियों के आवेदनों को अग्रसारित करने में शिक्षण संस्थानों की ओर से लापरवाही बरते जाने पर अल्पसंख्यक विभाग ने सख्ती दिखाई है। विभाग ने संस्थानों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेश चंद्र ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को तीन दिन के भीतर लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों को अग्रसारित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि आवेदन पत्रों के अग्रसारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के तहत अब तक शिक्षण संस्थानों की ओर से केवल 22.03 प्रतिशत आवेदन पत्र ही अग्रसारित किए गए हैं। वहीं, दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में 22.13 प्रतिशत आवेदन पत्र अग्रसारित हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, आवेदनों के अग्रसारण में संस्थानों की ओर से अपेक्षित रुचि नहीं लिए जाने के कारण जिले की छात्रवृत्ति रैंकिंग प्रभावित हो रही है। इसे गंभीरता से लेते हुए सभी संस्थानों को अपने-अपने लॉगिन पर लंबित आवेदन पत्रों को प्रतिदिन शत-प्रतिशत निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदनों का अग्रसारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ समय से मिल सके और जिले की रैंकिंग में भी सुधार हो।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







