हिंदी एक भाषा नहीं, हमारी संस्कृति व पहचान की आत्मा : डॉ. रमेश
ज्ञानपुर। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और संगठनों की ओर से सोमवार को हिंदी दिवस मनाया गया। इस दौरान गोष्ठी, निबंध लेखन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर हिंदी भाषा के इतिहास, महत्व और वर्तमान समय में उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान की आत्मा है।
हिंदी राष्ट्रीय एकता का सुदृढ़ सूत्र : डॉ. रमेश
काशी नरेश विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में आयोजित हिंदी दिवस कार्यक्रम में विभाग प्रभारी डॉ. रमेश ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता का सुदृढ़ सूत्र है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी मातृभाषा के प्रति स्वाभिमान और गर्व का भाव जागृत करने का आह्वान किया।
डॉ. शिरीष और उमेश दत्त तिवारी ने हिंदी के साहित्यिक वैभव तथा आधुनिक संचार माध्यमों में इसकी बढ़ती लोकप्रियता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल और इंटरनेट के दौर में हिंदी तेजी से वैश्विक संवाद का सशक्त माध्यम बन रही है।
प्रो. अजय सिंह यादव ने कहा कि जब तक वैज्ञानिक अनुसंधान और उच्च शिक्षा में भारतीय भाषाओं को उचित स्थान नहीं मिलेगा, तब तक ज्ञान का लोकतंत्रीकरण संभव नहीं है। प्राचार्य प्रो. राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की उन्नति उसकी निज भाषा की उन्नति से ही संभव है।
कंपोजिट विद्यालय में भी हुआ आयोजन
कंपोजिट विद्यालय ज्ञानपुर में हिंदी दिवस के अवसर पर अखिलेश कुमार यादव ने हिंदी की संविधान में मान्यता और उसके महत्व के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारे दिल की भाषा है। डॉ. विमल कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को कहानी लेखन और निबंध लेखन के बारे में जानकारी दी। इस दौरान शिवम श्रीवास्तव, रतनलाल, हीरोमणि यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्राथमिक विद्यालय बनकट में बच्चों को बताया हिंदी का महत्व
सुरियावां के प्राथमिक विद्यालय बनकट में भी हिंदी दिवस मनाया गया। बच्चों को हिंदी भाषा के महत्व, उसकी विशेषताओं और दैनिक जीवन में उपयोगिता के बारे में बताया गया।
प्रधानाध्यापक डॉ. ओमप्रकाश मिश्रा ने कहा कि हिंदी केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन से गहराई से जुड़ी भाषा है। इस मौके पर सहायक अध्यापक रविकांत दुबे, संतोष कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।







