लंपी से बचाव के लिए भदोही पहुंची 24 हजार टीकों की खेप, पशुपालन विभाग अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लंपी से बचाव के लिए जिले में पहुंची 24 हजार टीकों की खेप, पशुपालन विभाग अलर्ट

ज्ञानपुर। जिले में पशुओं में फैलने वाली लंपी स्किन डिजीज से बचाव के लिए पशुपालन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शासन की ओर से लंपी रोधी टीके की पहली खेप जिले में पहुंच गई है। विभाग को 24 हजार टीके प्राप्त हुए हैं, जिन्हें जिले के विभिन्न पशु चिकित्सालयों में भेजा जा रहा है।

पश्चिमी क्षेत्रों में लंपी बीमारी के मामले सामने आने के बाद पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने एहतियात के तौर पर शासन से टीकों की मांग की थी। करीब दो दिन पहले लखनऊ से टीकों की खेप जिले में पहुंची। इसके बाद ज्ञानपुर, भदोही, सुरियावां, जंगीगंज, औराई सहित अन्य पशु चिकित्सालयों में टीके भेजे जा रहे हैं।

गो-आश्रय स्थलों और अधिक पशु घनत्व वाले गांवों पर रहेगा फोकस

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एके सचान ने बताया कि जिले को लंपी रोधी टीके प्राप्त हो गए हैं। सभी ब्लॉकों में टीकाकरण के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। पहले चरण में गो-आश्रय स्थलों और अधिक पशु घनत्व वाले गांवों में टीकाकरण किया जाएगा।

पशुओं में लंपी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सक और पैरावेट मौके पर पहुंचकर पशु की स्थिति की जांच करेंगे। लक्षण पाए जाने पर आवश्यकतानुसार टीकाकरण और उपचार की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि यदि किसी पशु में लंपी बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सक से संपर्क करें और पशु को अन्य मवेशियों से अलग रखें।

संपर्क से फैलती है लंपी बीमारी

ज्ञानपुर सदर पशु चिकित्सालय के प्रभारी जर्नादन मौर्या ने बताया कि लंपी एक वायरल बीमारी है, जो संक्रमित पशु के संपर्क में आने से दूसरे मवेशियों में फैल सकती है। इस बीमारी में गोवंश और महिषवंशीय पशुओं के शरीर पर गांठें बनने लगती हैं। इसके साथ तेज बुखार और दूध उत्पादन में कमी या बंद होने जैसी समस्या भी हो सकती है।

समय पर उपचार और देखभाल नहीं मिलने पर बीमारी गंभीर रूप ले सकती है और पशु की मौत भी हो सकती है। ऐसे में पशुपालकों को पशुओं में दिखाई देने वाले असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी गई है।

अभी जिले में नहीं मिला लंपी का कोई मामला

पशुपालन विभाग के मुताबिक अभी तक जिले में लंपी बीमारी का कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर सभी ब्लॉकों के पशु चिकित्साधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

ज्ञानपुर, औराई, भदोही, डीघ, अभोली और सुरियावां सहित सभी क्षेत्रों में पशुओं की निगरानी की जा रही है, ताकि बीमारी के संभावित प्रसार को समय रहते रोका जा सके।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles