आज जन्मेंगे कृष्ण कन्हैया, गूंजेंगी बधाइयां; आधी रात होगा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
ज्ञानपुर। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिला कारागार से लेकर पुलिस लाइन, थाना परिसरों और विभिन्न मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही सोहर और बधाई गीतों से माहौल भक्तिमय हो उठेगा।
जन्माष्टमी को लेकर जिलेभर में जगह-जगह आकर्षक सजावट की गई है। पुलिस लाइन और विभिन्न थानों में हरिकीर्तन सहित धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती की जाएगी।
सुजातपुर निवासी आचार्य शरद पांडेय ने बताया कि मान्यता के अनुसार कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में मध्यरात्रि भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कारागार में हुआ था। इसी मान्यता के अनुरूप जन्माष्टमी की रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर महिलाएं व्रत रखेंगी और भगवान के जन्म के बाद पूजन-अर्चन करेंगी। शनिवार को विभिन्न स्थानों पर दही हांडी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
जन्माष्टमी को लेकर बृहस्पतिवार को बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। लोगों ने पूजा सामग्री, श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की तस्वीरें, झूले और अन्य पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। श्रीकृष्ण और राधा रानी का दरबार सजाने के लिए भी श्रद्धालु विभिन्न सामान खरीदते नजर आए। ग्राहकों की भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे।
मंदिरों और न्यायालय परिसर में भी आयोजन
जिले में जन्माष्टमी का पर्व न्यायालय परिसर ज्ञानपुर, विभिन्न थाना परिसरों, पुलिस लाइन के अलावा बाबा हरिहरनाथ मंदिर और बड़े शिव मंदिर में भी मनाया जाएगा। भिदिउरा और सागररायपुर स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में हरिकीर्तन पाठ का आयोजन किया जाएगा।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सजावट की गई है। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद श्रद्धालु आरती और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

