बारिश का कहर: तीन जगह गिरे कच्चे मकान और टिनशेड, दो बच्चों समेत महिला घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बारिश का कहर: तीन जगह गिरे कच्चे मकान और टिनशेड, चौरी में दो बच्चों समेत महिला घायल

भदोही। जिले में लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश का असर अब ग्रामीण इलाकों में दिखाई देने लगा है। चौरी, ऊंज और सुरियावां क्षेत्र में बारिश के कारण कच्चे रिहायशी मकान और टिनशेड गिर गए। मलबे में दबने से गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। वहीं चौरी क्षेत्र के महुआ गांव में टिनशेड गिरने से दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बीते तीन दिनों में जिले में अच्छी बारिश दर्ज की गई। 31 अगस्त और एक सितंबर को 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई, जबकि बुधवार को भी भदोही क्षेत्र में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण तापमान गिरकर करीब 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

टिनशेड गिरने से तीन लोग घायल

चौरी क्षेत्र के महुआ गांव निवासी राजीव यादव का कच्चा टिनशेड बारिश के कारण अचानक गिर गया। टिनशेड के नीचे राजीव यादव के बच्चे आदर्श (14), आरुषि (16) और उनकी बड़ी माता सीता देवी (65) दब गईं।

टिनशेड गिरने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें चौरी बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

परिजनों के अनुसार, टिनशेड में रखा साइकिल, चारपाई, तख्ता, पंखा, कांटा-कल सहित अन्य घरेलू सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

ऊंज में रिहायशी मकान गिरा

इसी तरह ऊंज क्षेत्र के कुरमैचा गांव निवासी शिवशंकर गुप्ता का रिहायशी कच्चा मकान भारी बारिश के चलते गिर गया। मकान गिरने से उसमें रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के लोग सुरक्षित रहे।

सुरियावां के बगही में खपरैल घर धराशायी

सुरियावां ब्लॉक के बगही गांव में राजेंद्र प्रसाद गौतम का रिहायशी खपरैल मकान भी बारिश के कारण गिर गया। मकान के मलबे में गृहस्थी का सामान, अनाज और बिस्तर दब गया, जिससे परिवार को काफी नुकसान हुआ।

बारिश थमी, लेकिन जलभराव से राहत नहीं

लगातार तीन दिनों की बारिश के बाद बृहस्पतिवार को लोगों को सूर्यदेव के दर्शन हुए। सुबह आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम कुछ साफ हुआ। हालांकि बारिश थमने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव और अन्य समस्याएं बनी हुई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों और जर्जर भवनों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles