प्रसूता की मौत से मचा कोहराम, मायके पक्ष ने अस्पताल पर लगाए गंभीर आरोप
पड़री। कनौरा स्थित मातृ शिशु कल्याण केंद्र में प्रसव के बाद एक प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के अमीरती गांव निवासी 24 वर्षीय बीनू पत्नी स्वामी शरण को गुरुवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने कनौरा स्थित मातृ शिशु कल्याण केंद्र में भर्ती कराया था। अस्पताल में महिला का प्रसव कराया गया, लेकिन प्रसव के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होते देख अस्पताल प्रशासन ने उसे तत्काल मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन गंभीर हालत में महिला को मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शुक्रवार को ससुराल पक्ष अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा था, तभी मृतका के पिता अनुज कुमार अपने परिजनों के साथ वहां पहुंच गए।
मृतका के पिता अनुज कुमार, निवासी कोटवा पांडेय थाना मड़िहान, ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ की लापरवाही के कारण उनकी बेटी की जान गई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सही इलाज मिलता तो उनकी बेटी बच सकती थी। पिता ने पैड़ापुर चौकी पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत मिलते ही पैड़ापुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को तत्काल रुकवा दिया। सूचना पर पहाड़ी के नायब तहसीलदार अरविंद पांडेय भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि बीनू की शादी पिछले वर्ष माता प्रसाद के पुत्र स्वामी शरण के साथ हुई थी। विवाह के बाद परिवार में यह पहली संतान थी, लेकिन खुशियां मातम में बदल गईं।
थानाध्यक्ष पड़री प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
