भदोही में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बहन की विदाई के कुछ घंटे बाद भाई की उठी अर्थी
Bhadohi के हरियाव वार्ड नंबर-11 में एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। बहन की डोली उठने के कुछ समय बाद ही भाई की अर्थी उठी तो पूरा गांव गमगीन हो उठा।
मिली जानकारी के अनुसार हरियाव निवासी सुभाष की पुत्री कोमल (22) की शादी 26-27 मई को संपन्न हो रही थी। घर में रिश्तेदारों और मेहमानों की भीड़ थी। शादी की सभी रस्में खुशी-खुशी निभाई जा रही थीं। इसी बीच देर रात करीब 2 बजे दुल्हन का छोटा भाई करण (18) पुत्र सुभाष अपने दोस्तों के साथ बाइक से शादी का सामान लेने निकला था। बाइक पर उसके साथ अर्जुन गौतम (20) पुत्र राजनाथ गौतम निवासी सोईलरा, सकलपुर, कपसेठी, वाराणसी और सोहन गुप्ता पुत्र करिया निवासी हरियाव भी सवार थे।
बताया जा रहा है कि रजपुरा चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भीषण था कि अर्जुन गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल करण को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे युवक सोहन गुप्ता को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे की सूचना जैसे ही शादी वाले घर पहुंची, वहां का माहौल पूरी तरह बदल गया। रातभर जहां शादी की रस्में चल रही थीं, वहीं सुबह होते-होते घर में मातम छा गया।
सबसे भावुक पल उस समय आया जब शादी की रस्में पूरी होने के बाद कोमल की विदाई हुई। भाई की मौत की खबर सुनते ही वह ससुराल जाने के बजाय मायके लौट आई। अपने भाई के शव को देखकर वह बेसुध हो गई और रोते हुए बार-बार यही कहती रही— “मेरे भैया मुझे छोड़कर कहां चले गए… यह कैसी शादी हुई…” बहन के विलाप को सुनकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
घटना की सूचना पर रजपुरा चौकी प्रभारी हरिकेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे हरियाव क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के घर लोगों का तांता लगा हुआ है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पति एवं सभासद डॉ. अतहर अंसारी तथा समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख विकास यादव भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और गहरी संवेदना व्यक्त की।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



