दोहरे मौसम का असर: ओपीडी में 20% तक बढ़े मरीज, बच्चे-बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित
ज्ञानपुर।
सुबह-शाम की गलन और दोपहर की तेज धूप के कारण लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बदलते मौसम के चलते जिले के अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या में करीब 20 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते कुछ दिनों से मौसम में रोजाना उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
बृहस्पतिवार को महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में ओपीडी में करीब 1000 मरीज, जबकि सरपतहां स्थित 100 शैय्या अस्पताल में 300 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। चिकित्सकों ने दवा के साथ-साथ मरीजों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।
सरपतहां अस्पताल के डॉ. सुशील शुक्ला ने बताया कि मौसम परिवर्तन के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण और पेट दर्द के मामले बढ़ रहे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है। ऐसे में सतर्कता ही बचाव का सबसे बेहतर उपाय है।
ये सतर्कता है जरूरी
-
ठंड से बचने के लिए अभी गर्म कपड़े पहनें।
-
बाजार में बिक रहे तले-भुने खाद्य पदार्थों से परहेज करें।
-
रात में बच्चों को गर्म दूध पिलाएं।
-
सुबह ताजे पानी से स्नान करें।
-
सुबह में टंकी के ठंडे पानी से न नहाएं।
-
गुनगुना पानी पिएं, ठंडा पानी न पिएं।
चिकित्सकों का कहना है कि लक्षण दिखने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लें और मौसम के अनुसार दिनचर्या में बदलाव करें।
चिकित्सकों के अनुसार बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिससे वायरल संक्रमण तेजी से फैलता है। सुबह ठंड और शाम को गलन के बाद अचानक दोपहर में तेज धूप से शरीर तापमान को संतुलित नहीं कर पाता, जिसका सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में सबसे ज्यादा सर्दी-खांसी, वायरल फीवर, गले में खराश, पेट दर्द और दस्त के मामले सामने आ रहे हैं। कई मरीज कमजोरी और सिरदर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम में लापरवाही न बरतें और खानपान व दिनचर्या पर विशेष ध्यान दें। बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंड से बचाकर रखें। यदि बुखार तीन दिन से अधिक रहे या खांसी-जुकाम बढ़ जाए तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में घरेलू उपायों के साथ संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और साफ-सफाई से ही बीमारियों से बचाव संभव है। वहीं अस्पताल प्रशासन ने बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए ओपीडी में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



