16 लाख से नाली निर्माण शुरू, लेकिन जल निकासी की व्यवस्था नहीं
सुरियावां।
नगर पंचायत के वार्ड संख्या नौ नेहरू नगर में 16 लाख रुपये की लागत से लगभग 300 मीटर लंबी नाली का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन अभी तक जल निकासी की समुचित व्यवस्था तय नहीं की गई है। नाली का पानी आखिर जाएगा कहां, इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और सवाल खड़े हो रहे हैं।
नेहरू नगर से स्टेशन रोड होते हुए राजकुमार के मकान तक जल निकासी के लिए नाली निर्माण कराया जा रहा है। निविदा जारी होने के बाद कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, लेकिन निर्माण से पहले नाली के अंतिम आउटलेट को लेकर कोई स्पष्ट योजना सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण के बाद उसका पानी मोहल्ले में स्थित एक गड्ढे में गिराए जाने की संभावना है, जिससे आगे चलकर गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पहले नाली का पानी पश्चिम से पूरब की ओर बहता था, लेकिन अब दिशा बदलकर पूरब से पश्चिम कर दी गई है, जिससे पानी उसी गड्ढे में जमा हो रहा है।
नयागंज के पूर्वी छोर पर सैकड़ों मकान और दुकानें स्थित हैं। रामजीत, रामनरेश और जगदीश सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने कहा कि नाली निर्माण से पहले जल निकासी की स्थायी और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल नाली का पानी गड्ढे में जाएगा और भविष्य में जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।



