रजिकीय नलकूप की नाली ढकने से सिंचाई ठप, किसानों की रबी फसल पर संकट
जागरण संवाददाता, दुर्गागंज (भदोही): अभोली ब्लॉक के गौर गांव के किसानों के सामने इस समय बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। गांव में स्थित राजकीय नलकूप संख्या 189 की मुख्य नाली को नेशनल हाइवे 731 वी के निर्माण कार्य के दौरान पूरी तरह ढक दिया गया है। इसके चलते सिंचाई का पानी खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है और रबी सीजन की फसलों पर संकट गहरा गया है।
पहले इस नलकूप की नाली के लिए सड़क के नीचे से पानी गुजारने के लिए एक साइफन बनाया गया था। इस व्यवस्था से पानी आसानी से सड़क पार कर खेतों तक पहुंचता था। लेकिन हाईवे निर्माण के दौरान निर्माण कंपनी ने उस साइफन को तोड़कर मिट्टी से भर दिया, जिससे नाली पूरी तरह बंद हो गई है। अब किसानों के खेत सूख रहे हैं और सिंचाई पूरी तरह ठप हो गई है।
किसानों का कहना है कि इस वजह से गेहूं, चना, मटर जैसी रबी की फसलों की बुवाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। गांव के किसान रामबहादुर, राजेश पटेल, शिवनारायण और छोटेलाल ने बताया कि कई बार ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही नाली का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया और पानी का प्रवाह बहाल नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ऐसी लापरवाहियां किसानों की मेहनत पर पानी फेर रही हैं।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.


