एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: नकल माफिया पर शिकंजा, डीएलएड परीक्षा में प्रश्नपत्र बेचने वाला गिरफ्तार
वाराणसी। डीएलएड सेमेस्टर परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह पर एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी अभिषेक यादव, जो कि दिवाकरपुर पौरा, सकलडीहा (चंदौली) का रहने वाला है, को एसटीएफ वाराणसी की टीम ने सोमवार को आदित्य नारायण इंटर कॉलेज, चकिया के पास से दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्र बरामद किया है। प्राथमिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि अभिषेक यादव ने व्हाट्सएप पर 22 परीक्षार्थियों का ग्रुप बनाया था, जिसमें वह प्रश्नपत्र बेचकर नकल कराने का सौदा करता था।
ऐसे करता था पूरा खेल
एसटीएफ के डीएसपी शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि अभिषेक की पहचान अरुण नाम के व्यक्ति से हुई थी, जो परीक्षा शुरू होने से लगभग आधे घंटे पहले व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र भेज देता था। इसके बाद अभिषेक ग्रुप में शामिल परीक्षार्थियों को प्रति व्यक्ति 2000 रुपये लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराता था।
प्रत्येक परीक्षा में वह अरुण को 10,000 रुपये भेज देता था, जबकि बाकी रकम खुद रखता था।
सूचना पर की गई कार्रवाई
एसटीएफ को पहले से सूचना मिली थी कि चकिया के आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा के दौरान नकल कराने वाला गिरोह सक्रिय है। टीम ने मौके पर पहुंचकर अभिषेक यादव को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरोह से जुड़े और लोगों की तलाश
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह कई जिलों में सक्रिय है और डीएलएड परीक्षा के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सक्रिय रहने की आशंका है। टीम अब मुख्य सरगना अरुण और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रश्नपत्र लीक का स्रोत कहां से था और क्या इसमें परीक्षा केंद्र या किसी संस्थान के कर्मचारी भी शामिल थे।
दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक यादव के खिलाफ थाना चकिया में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी से मोबाइल डेटा, चैट और बैंक लेनदेन की जांच कर अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
एसटीएफ का कहना है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Bharat Kranti News
Anil Mishra CEO & Founder, Bharat Kranti News Anil Mishra is the CEO and Founder of Bharat Kranti News, a platform dedicated to fearless and unbiased journalism. With a mission to highlight grassroots issues and promote truth in media, he has built Bharat Kranti News into a trusted source of authentic and people-centric reporting across India.

