सीईपीसी के पांच रिक्त पदों के लिए 30 प्रत्याशियों ने किया नामांकन, 27 नवंबर को होगी स्क्रूटनी
भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की प्रशासनिक समिति के पांच रिक्त पदों के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। इन पदों के लिए करीब 30 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। चुनाव समिति की ओर से 27 नवंबर को स्क्रूटनी के दिन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी।
सीईपीसी की 18 सदस्यीय प्रशासनिक समिति में पांच सदस्यों का कार्यकाल बीते अक्तूबर में पूरा हो गया था। इसके बाद रिक्त पदों को भरने के लिए परिषद की ओर से चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 10 से 18 दिसंबर तक इलेक्ट्रॉनिक मतदान कराया जाएगा। वहीं, 18 दिसंबर को ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
अधिसूचना के मुताबिक, नामांकन की अंतिम तिथि 23 नवंबर निर्धारित की गई थी। स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया 30 नवंबर तक पूरी की जाएगी। चुनाव को लेकर भदोही कालीन परिक्षेत्र के निर्यातक मतदाताओं में प्रत्याशियों के नामों को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
चुनाव समिति के सदस्य एवं एकमा अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता मुन्ना ने बताया कि पांच पदों के लिए करीब 30 लोगों ने नामांकन किया है। प्रत्याशियों के नाम 27 नवंबर को स्क्रूटनी के दिन घोषित किए जाएंगे।
परिषद के जिन पांच सदस्यों का कार्यकाल पूरा हुआ है, उनमें उत्तर प्रदेश के हुसैन जाफर हुसैनी और रवि पाटोदिया, कश्मीर के कुलदीप राज वाटल एवं मेहराज यासीन जन तथा शेष भारत के बोधराज मल्होत्रा शामिल हैं।
भारत सरकार के निर्देश पर पांचों पद अलग-अलग श्रेणियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें एक पद उत्तर प्रदेश, एक स्टार हाउस या ट्रेडिंग हाउस, एक महिला उद्यमी, एक युवा उद्यमी और एक पूर्वोत्तर राज्य अथवा पहाड़ी क्षेत्र के प्रतिनिधि के लिए निर्धारित है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।





