भदोही: पशु अस्पतालों में डॉक्टर नदारद, पैरावेट के भरोसे साढ़े चार लाख मवेशियों का इलाज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: पशु अस्पतालों में डॉक्टर नदारद, पैरावेट के भरोसे मवेशियों का इलाज; फोन पर मिल रहा परामर्श

ज्ञानपुर (भदोही)। जिले के राजकीय पशु चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बदहाल है। कहीं पशु चिकित्सक अस्पताल से नदारद हैं तो कहीं फोन पर परामर्श लेकर पैरावेट पशुओं का इलाज कर रहे हैं। एक मंडलीय पशु अस्पताल, नौ पशु चिकित्सालय और 11 पशु उपकेंद्र होने के बावजूद पशुपालकों को अपने मवेशियों का समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों में पशु चिकित्सकों की कमी का खामियाजा पशुपालकों को भुगतना पड़ रहा है।

जिले में करीब सवा दो लाख पशुपालक और साढ़े चार लाख मवेशी हैं। इसके अलावा स्थायी और अस्थायी मिलाकर 31 गोशालाएं संचालित हैं। इसके बावजूद सरकारी पशु चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को खमरिया, औराई, सुरियावां, गोपीगंज और जंगीगंज समेत विभिन्न पशु चिकित्सालयों की पड़ताल में व्यवस्थाएं बेपटरी मिलीं। कई स्थानों पर पशु चिकित्सक और फार्मासिस्ट नदारद रहे, जबकि पैरावेट पशुपालकों को दवाइयां देते मिले।

टीम सुबह करीब 11 बजे औराई स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय पहुंची। यहां स्वास्थ्यकर्मियों की कमी के साथ पूरे परिसर में घास और गंदगी फैली मिली। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव कुमार शुक्ला की कुर्सी खाली थी। स्वीपर और चौकीदार भी मौके पर नहीं मिले। उपरौठ निवासी मुन्ना, भैदपुर निवासी शिवशंकर और मटियारी निवासी संतोष दुबे दवा लेने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें डॉक्टर नहीं मिले। ऐसे में पशुपालकों को निराश होकर लौटना पड़ा।

दो घंटे बैठते हैं डॉक्टर, समय निर्धारित नहीं

सुरियावां स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में भी टीम को डॉक्टर नहीं मिले। बताया गया कि चिकित्सक यहां करीब दो घंटे बैठते हैं और इसके बाद दुर्गागंज पशु अस्पताल चले जाते हैं। दोनों अस्पतालों में उनके बैठने का समय निर्धारित नहीं है। इससे पशुपालकों को मवेशियों की दवा के लिए बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

उधर, खमरिया के काशीचक स्थित पशु सेवा केंद्र पर अक्सर ताला लटका रहता है। आरोप है कि डॉक्टर और अन्य पशुकर्मी यहां नियमित रूप से नहीं आते। अस्पताल जर्जर भवन में संचालित है और उसकी चहारदीवारी भी टूटी हुई है।

फोन के सहारे चल रहा पशु अस्पताल

गोपीगंज स्थित पशु सेवा केंद्र पर भी नियमित रूप से डॉक्टर नहीं मिलते। यहां पशुपालक फोन करने के बाद ही पहुंचते हैं। डॉक्टर की अनुपस्थिति में पशु मित्र फोन पर परामर्श लेकर पशुपालकों को दवाइयां देते हैं। इससे बीमार पशुओं को समय पर उपचार मिलने में परेशानी होती है।

पशुपालक प्रकाश सिंह, प्रदीप मौर्य, आशीष और मनीष सिंह का कहना है कि पशुओं के बीमार पड़ने का कोई निश्चित समय नहीं होता। ऐसे में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

डीघ ब्लॉक के मैलौना स्थित पशु चिकित्सालय जंगीगंज पर क्षेत्र की 45 ग्राम सभाओं के पशुओं के इलाज की जिम्मेदारी है। यहां तैनात डॉ. कमलेश चंद प्रकाश को जंगीगंज के साथ ही ब्लॉक परिसर स्थित पशु चिकित्सालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। ऐसे में उन्हें दो स्थानों पर अपनी ड्यूटी निभानी पड़ती है।

पशुपालकों की पीड़ा

औराई के पशुपालक होरीलाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने बीमार पशु की दवा लेने अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन मौके पर डॉक्टर नहीं मिले। मजबूरी में पैरावेट से दवा लेकर जाना पड़ा। उनका कहना है कि अस्पताल में अक्सर डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहते, जिससे पशुओं का समय पर इलाज नहीं हो पाता।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles