भदोही: साथी की हत्या और लूट की नीयत से महाराष्ट्र से आए सात आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पर की फायरिंग
औराई के कुरौना हवाई पट्टी के पास पुलिस ने दो कारों को घेरकर पकड़ा, आरोपियों के पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद
भदोही। महाराष्ट्र के ठाणे में एक डॉक्टर से चुराई गई चेन को लेकर हुए विवाद के बाद अपने ही साथी की हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने के इरादे से भदोही पहुंचे सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। औराई पुलिस ने आरोपियों को कुरौना हवाई पट्टी के पास घेराबंदी कर पकड़ा। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, हालांकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि औराई पुलिस की टीम उगापुर नहर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भदोही की तरफ से दो तेज रफ्तार कारें आती दिखाई दीं। पुलिस टीम ने दोनों कारों को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालकों ने बैरियर को टक्कर मार दी और असलहा लहराते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्काल दोनों कारों का पीछा शुरू कर दिया। अन्य मोबाइल पुलिस टीमों की मदद से कुरौना हवाई पट्टी गेट के पास दोनों वाहनों की घेराबंदी कर ली गई। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि, पुलिसकर्मियों को कोई चोट नहीं आई और टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
महाराष्ट्र और वाराणसी के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विपुल विजय शेट्टी और दिनेश वीरेंद्र जायसवाल निवासी पाथरली रोड, डोंबिवली ईस्ट, तिलकनगर, ठाणे; उमेश पांडुरंग राउत निवासी कोपर क्रॉस रोड, डोंबिवली वेस्ट, विष्णुनगर, ठाणे; समसुद्दीन मोहम्मद सईद शेख निवासी काली मस्जिद, आगलावे बाग, महात्मा फुले, ठाणे तथा कृष्णा गोबिंद लाल जायसवाल निवासी बेलवा हटिया, फूलपुर, वाराणसी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
