भदोही: स्वास्थ्य केंद्रों पर अब वीडियो कॉल से होगी निगरानी, सीएमओ कभी भी कर सकेंगे औचक निरीक्षण
भदोही। जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की मनमानी अब नहीं चलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों की उपस्थिति और समय से ड्यूटी पर पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वीडियो कॉल के माध्यम से निगरानी करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. ओपी शुक्ला जिले के स्वास्थ्य केंद्रों का किसी भी समय ऑनलाइन निरीक्षण करेंगे।
इस दौरान केंद्र के अधीक्षक, डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को वीडियो कॉल पर अपनी मौजूदगी दिखानी होगी। साथ ही उनकी उपस्थिति की जांच के लिए उपस्थिति पंजिका और अन्य जरूरी रजिस्टर भी दिखाने होंगे। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
जिले के 232 स्वास्थ्य केंद्रों पर रहेगी नजर
जिले में कुल 232 स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इनमें छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और 206 उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इन केंद्रों पर ओपीडी का समय सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। यहां प्रतिदिन करीब 3200 से 3500 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं।
इसके बावजूद कई स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों और कर्मचारियों के समय से नहीं पहुंचने की शिकायतें मिलती रही हैं। कुछ कर्मचारी अपनी सुविधानुसार ड्यूटी करते हैं, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसी समस्या पर अंकुश लगाने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विभाग ने वीडियो मॉनीटरिंग की नई व्यवस्था शुरू करने की पहल की है।
पीएचसी और हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर ज्यादा शिकायतें
स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर कर्मचारियों की लापरवाही की शिकायतें मिलती रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खोले गए इन केंद्रों पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण कई बार मरीजों को बिना इलाज कराए ही वापस लौटना पड़ता है।
सीएमओ डॉ. ओपी शुक्ला के कार्यभार संभालने के बाद से भी इन केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही से संबंधित शिकायतें सामने आती रही हैं। अब वीडियो कॉल के जरिए औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
केबिन में नहीं मिले डॉक्टर तो होगी कार्रवाई
सीएमओ डॉ. ओपी शुक्ला ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह नई व्यवस्था लागू की गई है। सप्ताह में किसी भी दिन स्वास्थ्य केंद्रों पर वीडियो कॉल के माध्यम से निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान संबंधित डॉक्टर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मौजूद होने चाहिए। यदि निरीक्षण के समय डॉक्टर अपने केबिन में नहीं मिलते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. ओपी शुक्ला, सीएमओ भदोही
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
