वाराणसी में बदमाशों का तय टाइम टेबल: एक घंटे में घर साफ, 30 मिनट में टप्पेबाजी; 2800 कैमरों से खुला राज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी में अपराधियों का टाइम टेबल तय: एक घंटे में घर खंगालते हैं चोर, 30 मिनट में टप्पेबाजी; पुलिस ने खोली बदमाशों की रणनीति

वाराणसी। शहर में चोरी, चेन स्नेचिंग और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बदमाशों ने वारदात के लिए अपना अलग टाइम टेबल बना रखा है। पुलिस के आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है कि अपराधी समय और स्थान का चयन पहले से करते हैं। कहीं सुबह की सुनसान सड़कों पर महिलाओं को निशाना बनाया जाता है तो कहीं रात के अंधेरे में महज एक घंटे के भीतर घरों को खंगालकर चोर फरार हो जाते हैं। टप्पेबाज भी करीब 30 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर गायब हो जाते हैं।

पुलिस के मुताबिक, चेन स्नेचिंग की 12 घटनाएं सुबह पांच से सात बजे के बीच हुईं। इनमें 11 वारदातों में बदमाशों ने बाइक का इस्तेमाल किया, जबकि एक घटना में पैदल ही भाग निकले। खास बात यह है कि इन घटनाओं में आठ पीड़ित महिलाएं 50 से 70 वर्ष की उम्र की थीं। बदमाशों ने कॉलोनियों और घरों के आसपास के सुनसान रास्तों को निशाना बनाया, जहां सुबह के समय लोगों की आवाजाही कम रहती है।

सुबह पांच से सात बजे के बीच 12 चेन स्नेचिंग

चेन स्नेचरों ने सुबह के समय कम आवाजाही का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाया। सारनाथ के मवइयां में दुकान पर बैठी 72 वर्षीय द्रौपदी देवी के साथ वारदात हुई। पहड़िया चौराहे पर भी महिला की चेन छीनी गई। खोजवां (भेलूपुर) में असलहा दिखाकर महिला से चेन स्नेचिंग की गई। वहीं, संजयनगर कॉलोनी में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया गया। इसके अलावा बड़ालालपुर और चोलापुर में भी चेन स्नेचिंग की घटनाएं सामने आईं। पुलिस करीब 70 प्रतिशत मामलों का खुलासा कर चुकी है।

रात 2:30 से 3:30 बजे के बीच सबसे ज्यादा चोरियां

शहर में एक साल के दौरान चोरी की कुल 167 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें से 110 वारदातें रात 2:30 से 3:30 बजे के बीच हुईं। सीसी कैमरों की फुटेज में भी 87 चोरी की घटनाओं का समय इसी अवधि में सामने आया। इससे स्पष्ट हुआ कि चोर रात के सन्नाटे और कम गश्त का फायदा उठाकर एक घंटे के भीतर घरों को खंगालकर फरार हो जाते हैं।

चोरी की घटनाओं के मामले में शिवपुर सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां अकेले 62 चोरियां दर्ज की गईं। वहीं, 19 मामलों में चोरों ने दिन के समय घरों को निशाना बनाया। रात नौ से 12 बजे के बीच चोरी की छह घटनाएं दर्ज हुईं। हालांकि, चोरी के मामलों में पुलिस की सफलता का आंकड़ा करीब 30 प्रतिशत ही है। शेष मामलों में जांच जारी है।

30 मिनट में टप्पेबाजी की वारदात, 12 लोग बने शिकार

टप्पेबाजी के मामलों में भी बदमाशों ने कम समय में वारदात को अंजाम देने का तरीका अपनाया। शहर में टप्पेबाजी की 12 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें आठ महिलाओं और चार बुजुर्ग पुरुषों को निशाना बनाया गया। महिलाओं को ऑटो, मंदिर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ठगी का शिकार बनाया गया। इन घटनाओं में महिला टप्पेबाजों की संख्या अधिक रही।

वहीं, बुजुर्ग पुरुषों को बैंक से बाहर निकलते समय और एटीएम के भीतर निशाना बनाया गया। अधिकतर घटनाएं सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे के बीच हुईं। बदमाश करीब 30 मिनट के भीतर वारदात को अंजाम देकर मौके से निकल जाते थे। पुलिस अब तक पांच मामलों का खुलासा कर चुकी है, जबकि अन्य मामलों की जांच जारी है।

2800 सीसी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने पकड़े बदमाश

चोरी, चेन स्नेचिंग और टप्पेबाजी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए पुलिस ने शहर में करीब 2800 सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें सरकारी कैमरों के साथ निजी संस्थानों और घरों में लगे कैमरों की फुटेज भी महत्वपूर्ण साबित हुई। कैमरों की मदद से पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने में सफल रही।

जांच के दौरान 21 स्थानों पर सीसी कैमरे खराब मिले। पुलिस के सामने खराब कैमरों को दुरुस्त कराना और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाना भी चुनौती है। आंकड़े बताते हैं कि अपराधी वारदात के लिए समय और स्थान का चयन सोच-समझकर कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस गश्त, सीसी कैमरों की निगरानी और आम लोगों की सतर्कता अपराध पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles