खमरिया में नो एंट्री के उल्लंघन से व्यापारी परेशान, प्रशासन से सख्ती की मांग
खमरिया। नगर में नो एंट्री के बावजूद बड़े वाहनों के प्रवेश से लगने वाले जाम और व्यापार प्रभावित होने की समस्या को लेकर बुधवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने बैठक की। इसमें नगर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिला प्रशासन से नो एंट्री के नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग उठाई गई।
व्यापारियों का कहना था कि नो एंट्री के समय भी बड़े वाहनों का नगर में प्रवेश जारी रहता है। इसके चलते बाजारों में जाम की स्थिति बनी रहती है और ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। इससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया तो व्यापारी एक दिन धरने पर बैठने को मजबूर होंगे।
व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष शिवजी की अध्यक्षता में हुई बैठक में उन्होंने बताया कि सब्जी मंडी और सराफा मंडी के आसपास रोजाना नो एंट्री के दौरान भी बड़े वाहनों का आवागमन होता है। इससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने बताया कि नगर में सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक नो एंट्री लागू रहती है, इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है।
बैठक में प्रदीप मौर्या, सुनील सिंह, संतोष बरनवाल, राजेश बरनवाल, सुजीत मौर्या सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
