भदोही: सुरियावां रेलवे फाटक दो दिन रहा बंद, 10 से 15 किमी तक बढ़ा वाहनों का सफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: सुरियावां रेलवे फाटक दो दिन रहा बंद, 10 से 15 किमी तक बढ़ा वाहनों का सफर

एंबुलेंस से लेकर चार पहिया वाहन चालकों को हुई परेशानी, वैकल्पिक मार्गों पर लगा जाम; पश्चिमी फाटक पर अतिक्रमण ने बढ़ाई मुश्किलें

सुरियावां (भदोही)। वाराणसी-प्रतापगढ़ रेल मार्ग पर सुरियावां रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक 41ए पर अनुरक्षण कार्य के चलते रविवार और सोमवार को आठ-आठ घंटे का ब्लॉक लिया गया। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक रेलवे फाटक बंद रहने से भदोही, ज्ञानपुर और दुर्गागंज की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फाटक बंद होने के कारण लोगों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ा, जिससे कई यात्रियों का सफर 10 से 15 किलोमीटर तक बढ़ गया। वहीं, पांच से छह एंबुलेंस भी समय पर मरीजों तक नहीं पहुंच सकीं।

रेलवे की ओर से 25 और 26 अक्तूबर को अनुरक्षण कार्य के लिए सुरियावां स्टेशन के पूर्वी रेलवे फाटक 41ए को बंद किया गया था। यह फाटक भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर स्थित है। दो दिनों तक लगातार आठ-आठ घंटे तक मार्ग बंद रहने से वाराणसी, भदोही, मोढ़, जंघई और दुर्गागंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रास्ते में ही रुकना पड़ा। शाम चार बजे फाटक खुलने के बाद वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।

जिन वाहन चालकों को जरूरी काम से जाना था, उन्हें वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। इससे समय के साथ ही लोगों को अतिरिक्त आर्थिक खर्च भी उठाना पड़ा। स्थानीय स्तर पर आवागमन करने वाले चार पहिया वाहन चालकों और एंबुलेंस को भी काफी दिक्कत हुई।

30 फीट चौड़ी सड़क पर बचा केवल पांच से छह फीट रास्ता

सुरियावां रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक 41ए के बंद होने के दौरान पश्चिमी रेलवे फाटक 42ए को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता था, लेकिन बाजार के मध्य स्थित इस मार्ग पर अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित रहा।

कागजों में यह मार्ग 30 फीट चौड़ा है, लेकिन धरातल पर अतिक्रमण के चलते केवल पांच से छह फीट रास्ता ही बचा है। आसपास के दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण इस मार्ग से मुख्य रूप से दुपहिया वाहन ही निकल पाते हैं। दो दिनों तक पूर्वी फाटक बंद रहने से इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों से गुजरे वाहन

पूर्वी रेलवे फाटक बंद होने के कारण भदोही की ओर से आने वाले वाहन चालकों को बाजार से करीब आठ किलोमीटर दूर अभियां जाना पड़ा। इसके बाद पट्टीबेजांव और छनौरा होते हुए वाहन भदोही-दुर्गागंज मार्ग पर पहुंचे।

इसी तरह दुर्गागंज से भदोही जाने वाले वाहन महजूदा, मुख्यालय और गड़ेरियापुर होकर गुजरे। इस दौरान 15 से 20 किलोमीटर का सामान्य सफर बढ़कर 35 से 40 किलोमीटर तक पहुंच गया। ग्रामीण मार्गों की बदहाली ने भी वाहन चालकों की परेशानी बढ़ाई। जौनपुर और मछलीशहर की ओर से आने वाले लोगों को भी आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पहले से दी गई थी ब्लॉक की सूचना

सुरियावां स्टेशन के स्टेशन मास्टर अमित कुमार ने बताया कि अनुरक्षण कार्य के लिए 25 और 26 अक्तूबर को दो दिन आठ-आठ घंटे का ब्लॉक लिया गया था। इसकी सूचना पहले से ही दी गई थी। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा गया। पश्चिमी रेलवे फाटक पर अतिक्रमण होने के कारण आवागमन में समस्या बढ़ गई।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles