भदोही: फोन आते ही 30 मिनट में अस्पताल पहुंचेंगे डॉक्टर, हर केंद्र पर लगेगी सूची

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भदोही: फोन आते ही 30 मिनट में अस्पताल पहुंचेंगे ऑनकॉल डॉक्टर, हर केंद्र पर चस्पा होगी सूची

ज्ञानपुर। भदोही जिले में मरीजों को 24 घंटे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ऑनकॉल चिकित्सकों की जिम्मेदारी बढ़ाने जा रहा है। अब अस्पताल से फोन आने के 30 मिनट के भीतर संबंधित डॉक्टर को पहुंचना होगा। पहले इसके लिए 40 मिनट का समय निर्धारित था। जिला अस्पताल के गेट पर बीते सप्ताह प्रसव होने की घटना के बाद व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

इस नई व्यवस्था को महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय भदोही और जिले के छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लागू किया जाएगा। इनमें भदोही, सुरियावां, भानीपुर, डीघ, गोपीगंज और औराई सीएचसी शामिल हैं।

नोटिस बोर्ड पर मिलेंगे डॉक्टरों के नाम और मोबाइल नंबर

स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी संबंधित अस्पतालों के नोटिस बोर्ड और इमरजेंसी वार्ड के बाहर ऑनकॉल चिकित्सकों की सूची चस्पा की जाएगी। इसमें डॉक्टरों के नाम, मोबाइल नंबर और उनकी ड्यूटी से संबंधित जानकारी उपलब्ध रहेगी। इससे रात के समय इमरजेंसी में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को संबंधित चिकित्सक से संपर्क करने में आसानी होगी।

सूची में बाल रोग विशेषज्ञ, सर्जन, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, फिजिशियन, नेत्र सर्जन, ऑर्थो सर्जन और महिला रोग विशेषज्ञ सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की जानकारी दी जाएगी। ये डॉक्टर ओपीडी के बाद ऑनकॉल रहेंगे और जरूरत पड़ने पर उन्हें 24 घंटे संपर्क किया जा सकेगा।

ईएमओ की जिम्मेदारी भी होगी तय

इमरजेंसी में मरीज की हालत गंभीर होने पर संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक को बुलाने की जिम्मेदारी इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) की भी होगी। यदि ईएमओ ने जरूरत के बावजूद संबंधित डॉक्टर को कॉल नहीं किया, तो उससे भी जवाब मांगा जाएगा।

जिले के अस्पतालों में रात के समय इमरजेंसी के दौरान चिकित्सकों की अनुपलब्धता को लेकर अक्सर शिकायतें मिलती रहती हैं। ऐसे में नई व्यवस्था से मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर अंकुश लगाने की उम्मीद है। नियमों का पालन नहीं करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles