भदोही में 100 शैय्या एमसीएच विंग के संचालन की जगी उम्मीद, लखनऊ से आई एनएचएम टीम ने किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ से आई एनएचएम की टीम ने 100 शैय्या एमसीएच विंग की देखी व्यवस्था

भदोही। राजकीय महाराजा बलवंत सिंह चिकित्सालय परिसर में वर्षों से बनकर तैयार 100 शैय्या मातृ-शिशु विंग (एमसीएच) के संचालन की उम्मीद एक बार फिर जगी है। बृहस्पतिवार को लखनऊ से पहुंची राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की टीम ने अस्पताल का दिनभर निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच की।

निरीक्षण के दौरान टीम के अधिकारियों ने अस्पताल में मौजूद हेरिटेज समूह के प्रबंधन से भी आवश्यक जानकारी ली। हालांकि निरीक्षण के संबंध में अधिकारियों ने तत्काल कोई जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि लखनऊ लौटने के बाद शासन को निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

2018 में पूरा हुआ था निर्माण

नगर के स्टेशन रोड स्थित राजकीय अस्पताल परिसर में वर्ष 2018 में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से 100 शैय्या एमसीएच विंग का निर्माण पूरा हुआ था। निर्माण पूरा होने के बाद से ही इसके संचालन को लेकर कई बार प्रयास हुए, लेकिन विभिन्न कारणों से अस्पताल शुरू नहीं हो सका।

वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान इस भवन का इस्तेमाल कोविड अस्पताल के रूप में किया गया था। महामारी के बाद से भवन का नियमित रूप से उपयोग नहीं हो रहा है।

एक दर्जन अधिकारी पहुंचे

बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ से एनएचएम के करीब एक दर्जन अधिकारी कार से भदोही पहुंचे। सबसे पहले टीम ने बैठक की। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण शुरू किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन के अधिकारियों के साथ एमबीएस अस्पताल के सीएमएस डा. आरआर मौर्या भी मौजूद रहे।

एनएचएम टीम के निरीक्षण के बाद अब शासन स्तर से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर 100 शैय्या मातृ-शिशु विंग के संचालन को लेकर आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles