ऑनलाइन बुकिंग के बाद किसानों को मिलेगी खाद, 48 घंटे में करना होगा उठान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ऑनलाइन बुकिंग के बाद किसानों को समितियों से मिलेगी खाद, 48 घंटे में करना होगा उठान

भदोही। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग डिजिटल व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। नई व्यवस्था के तहत किसानों को खाद खरीदने से पहले मोबाइल एप के माध्यम से पंजीकरण कर अग्रिम बुकिंग करनी होगी। बुकिंग के बाद किसानों को निर्धारित समिति या इफको केंद्र से खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

बुकिंग के बाद किसानों को 48 घंटे के अंदर खाद का उठान करना होगा। निर्धारित समय में खाद नहीं लेने पर उनकी बुकिंग स्वत: निरस्त हो जाएगी। सरकार ने इस व्यवस्था को खरीफ सीजन में रामपुर और सीतापुर जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया है। इसके बाद रबी सीजन में इसे अन्य जिलों में विस्तार देने की तैयारी है।

जिले में 350 से अधिक केंद्रों पर मिलती है खाद

जिले में किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए कुल 52 सहकारी समितियां और 298 निजी एवं इफको उर्वरक केंद्र संचालित हैं। ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू होने से किसानों को खाद के लिए दुकानों और समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

किसानों को ऑनलाइन बुकिंग की दी जाएगी जानकारी

नई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षकों को तैयार किया जाएगा। जिला स्तर के प्रशिक्षक ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों को ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया का प्रशिक्षण देंगे। इसके बाद ब्लॉक स्तर के प्रशिक्षक किसानों को मोबाइल एप पर पंजीकरण, बुकिंग और खाद उठान की पूरी प्रक्रिया समझाएंगे।

कृषि विभाग का उद्देश्य डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना और खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News

Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।

और पढ़ें

Read More Articles