रोस्टर बिगड़ा: 250 गांवों में 12 घंटे तो शहर में 18 घंटे बिजली आपूर्ति, दिनभर में 25 बार ट्रिपिंग
भदोही। जिले में पिछले चार दिनों से बढ़ी गर्मी और उमस के बीच बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही बिजली की मांग बढ़ गई है। इसका असर ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति पर साफ दिखाई दे रहा है। जिले के सात उपकेंद्रों से जुड़े करीब 250 गांवों में रोस्टर के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्धारित 18 घंटे के बजाय करीब 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। वहीं शहरी क्षेत्रों में भी 24 घंटे के निर्धारित रोस्टर के मुकाबले करीब 18 घंटे बिजली मिल रही है। इसके अलावा दिनभर में करीब 25 बार ट्रिपिंग होने से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। बिजली कटौती और ट्रिपिंग से करीब 1.5 लाख की आबादी प्रभावित बताई जा रही है।
29 उपकेंद्रों से 20 लाख आबादी को बिजली आपूर्ति
जिले में ज्ञानपुर और भदोही डिवीजन से जुड़े 29 विद्युत उपकेंद्रों के 98 फीडरों के माध्यम से करीब 20 लाख आबादी को बिजली आपूर्ति की जाती है। जिले में कुल 2.46 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग में भी इजाफा हुआ है।
बारिश के बाद बढ़ी उमस, बढ़ा बिजली का लोड
बृहस्पतिवार को बारिश के बाद लगातार तीखी धूप और उमस का असर बिजली की मांग पर पड़ा है। लोड बढ़ते ही बिजली निगम की तैयारियों की स्थिति सामने आने लगी। हालांकि शहरी क्षेत्रों में आपूर्ति रोस्टर के अनुसार चलने का दावा किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है।
ग्रामीण इलाकों में लंबे समय तक बिजली कटौती के साथ बार-बार ट्रिपिंग से लोगों को गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
