नाबालिग चला रहे वाहन, अभिभावक भर रहे चालान; एक साल में 1086 वाहनों पर कार्रवाई
भदोही। जिले में नाबालिगों के वाहन चलाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। यातायात विभाग की ओर से अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बीते एक साल में यातायात विभाग ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाए जाने पर 1086 वाहनों का चालान किया है। इसके बावजूद अभिभावक अपने बच्चों को वाहन देने से बाज नहीं आ रहे हैं।
यातायात विभाग के आंकड़ों के अनुसार, जिले में हर माह औसतन करीब 90 नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नाबालिगों के वाहन चलाने के कारण जिले में कई बार सड़क हादसे भी हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बाद भी किशोरों को वाहन देने का सिलसिला जारी है।
पहली बार पकड़े जाने पर 25 हजार रुपये का चालान
यातायात विभाग के अनुसार नाबालिग के वाहन चलाते पकड़े जाने पर पहली बार 25 हजार रुपये का चालान किया जाता है। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर नियमानुसार और सख्त कार्रवाई की जा सकती है। विभाग की टीम लगातार अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर रही है।
यातायात प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि नाबालिगों के हाथ में वाहन की स्टेयरिंग देना अभिभावकों की बड़ी गलती है। इससे बच्चे की जान तो खतरे में पड़ती ही है, साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। विभाग की ओर से ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Ashu Jha : Bharat Kranti News
Ashu Jha एडिटर, भारत क्रांति न्यूज़ Ashu Jha भारत क्रांति न्यूज़ के एडिटर हैं और निष्पक्ष, सटीक व ज़मीनी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते हैं। वे समाचारों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करते हुए टीम का नेतृत्व करते हैं। उनका ध्यान जनता से जुड़े मुद्दों, सरकारी नीतियों के असर और सामाजिक सरोकारों पर रहता है। Ashu Jha का मानना है कि पत्रकारिता केवल सूचना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम है।
